Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ओवरलोड वाहनों से सड़कों पर बढ़ा खतरा, कई जगह दिखी लापरवाही


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शहर और आसपास के मार्गों पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लोगों के लिए जोखिम बनती जा रही है। रविवार को गढ़ रोड, मेरठ रोड फ्लाईओवर और बाईपास पर ऐसे कई वाहन देखे गए, जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक सामान या सवारियां भरी हुई थीं।

गढ़ रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में आलू के कट्टे काफी ऊंचाई तक लादकर ले जाए जा रहे थे। ट्रॉली के पीछे सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर टेप भी नहीं लगी थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

वहीं मेरठ रोड फ्लाईओवर पर सीमेंट के कट्टों से भरा एक ट्रैक्टर-ट्राला चढ़ाई के दौरान आगे की ओर उठ गया। अधिक वजन होने के कारण उसके आगे के पहिए कुछ समय के लिए हवा में उठ गए, जिससे वहां से गुजर रहे वाहन चालकों में घबराहट का माहौल बन गया।

इसके अलावा बाईपास मार्ग पर एक ई-रिक्शा में भी क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर ले जाई जा रही थीं। ज्यादा भार होने के कारण कई बार उसका संतुलन बिगड़ता नजर आया और वह पलटने से बच गया।

लोगों का कहना है कि इस तरह के ओवरलोड वाहनों से सड़क पर चलने वालों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। उन्होंने संबंधित विभाग से ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।