Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

साइबर ठगी का शिकार बने पीड़ित को मिली राहत, गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने एक लाख रुपये कराए वापस


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गढ़मुक्तेश्वर की साइबर क्राइम टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित के पूरे एक लाख रुपये वापस कराए हैं। त्वरित कार्रवाई से न केवल पीड़ित को राहत मिली, बल्कि पुलिस की कार्यशैली की भी सराहना हो रही है। 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार कस्बा गढ़मुक्तेश्वर स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी राज कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए थे, जिनके खाते से एक लाख रुपये की धनराशि धोखाधड़ी के माध्यम से निकाल ली गई थी।


मामला संज्ञान में आते ही थाना गढ़मुक्तेश्वर की साइबर क्राइम टीम ने बिना देरी किए संबंधित बैंक, पेमेंट गेटवे और मर्चेंट से संपर्क स्थापित किया। लगातार समन्वय और त्वरित प्रयासों के चलते टीम ने पीड़ित की पूरी धनराशि एक लाख रुपये शत-प्रतिशत वापस कराने में सफलता प्राप्त की। 


धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित राज कुमार ने हापुड़ पुलिस का आभार जताते हुए टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय रहते पुलिस की सक्रियता के कारण उन्हें बड़ी राहत मिली है। थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें, किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।