Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

टीबी मुक्त भारत की ओर बड़ा कदम: हापुड़ में 100 दिवसीय अभियान शुरू, 85 गांवों में होगी स्क्रीनिंग


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर घोषित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम का जनपद में शुभारंभ कर दिया गया है। इस अभियान की शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अटल पार्क में की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने व्यापक रूप से भाग लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के सेंट्रल टीबी डिवीजन द्वारा चिन्हित 85 गांवों में आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में 14 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि क्षय रोग के संभावित मरीजों की समय रहते पहचान हो सके। उन्होंने बताया कि जिन लोगों में टीबी के लक्षण पाए जाएंगे, उनकी तत्काल बलगम जांच कराई जाएगी, जिससे रोग की पुष्टि कर उचित उपचार शुरू किया जा सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में तेजी लाना और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद में तीन हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं। इन मशीनों के माध्यम से शिविरों में ही संदिग्ध मरीजों के एक्स-रे किए जाएंगे, जिससे जांच प्रक्रिया को और तेज व सुलभ बनाया जा सके।

यह विशेष अभियान आगामी 100 दिनों तक लगातार चलाया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने के साथ ही निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर अपनी जांच अवश्य कराएं और टीबी मुक्त समाज बनाने में सहयोग दें।