Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गैस एजेंसियों के स्टॉक सत्यापन में बड़ा खुलासा, 2200 सिलिंडर का मिला अंतर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में गैस एजेंसियों की आपूर्ति और स्टॉक के सत्यापन के दौरान बड़ी अनियमितता सामने आई है। जिला पूर्ति विभाग की जांच में करीब 2200 सिलिंडर का अंतर पाया गया है, जिसमें लगभग 800 कॉमर्शियल और 1400 घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति संदिग्ध मानी जा रही है। मामले की रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

डीएम के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग की टीम ने आईओसीएल (इंडेन) से जुड़ी 14 गैस एजेंसियों का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान कंपनी द्वारा भेजी गई आपूर्ति रिपोर्ट और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर मिला, जिससे अधिकारियों को गड़बड़ी की आशंका हुई। बताया जा रहा है कि सेल्स अधिकारी की रिपोर्ट और एजेंसियों के रिकॉर्ड में भी कई जगह मेल नहीं मिला।

हापुड़ नगर की एक गैस एजेंसी पर कागजों में 500 कॉमर्शियल सिलिंडर का स्टॉक दर्शाया गया था, जबकि मौके पर केवल 14 सिलिंडर ही पाए गए। एजेंसी के दस्तावेजों में भी 14 सिलिंडर ही दर्ज मिले, जिससे रिपोर्ट पर सवाल उठे।

वहीं पिलखुवा की एक एजेंसी पर जांच के दौरान 66 खाली सिलिंडर मौके पर मिले, जबकि 400 से अधिक भरे सिलिंडरों से लदा वाहन वहां मौजूद पाया गया। इस अनियमितता को गंभीर मानते हुए संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है और जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।