Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर 30 दिन की बिजली राहत, 3 दिन अतिरिक्त क्रेडिट और बिल में 2% छूट


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

बिजली उपभोक्ताओं को स्मार्ट प्रीपेड मीटर के जरिए नई सुविधाएं देने की दिशा में ऊर्जा निगम ने अहम कदम उठाया है। अब प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने वाले उपभोक्ताओं को एडवांस रिचार्ज पर दो प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। साथ ही रिचार्ज खत्म होने की स्थिति में भी पहले 30 दिन तक बिजली आपूर्ति जारी रहेगी और इसके बाद तीन दिन का अतिरिक्त क्रेडिट भी मिलेगा।

अधिकारियों के मुताबिक स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता मोबाइल एप के माध्यम से अपनी बिजली खपत, बैलेंस और रिचार्ज की पूरी जानकारी घर बैठे देख सकेंगे। इससे बिल से जुड़ी शिकायतें कम होंगी और लोग अपनी जरूरत के अनुसार बिजली उपयोग को नियंत्रित कर पाएंगे।

जिले में बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और अधिकांश मीटरों को प्रीपेड प्रणाली में बदला जा चुका है। शुरुआत में कई उपभोक्ताओं पर पुराना बकाया था, लेकिन धीरे-धीरे लोग नई व्यवस्था को अपना रहे हैं और बकाया उपभोक्ताओं की संख्या में कमी आई है। ऊर्जा निगम की टीम लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों की शंकाएं दूर कर रही है।

अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर से उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था मिलेगी। अवकाश के दिनों में भी अचानक बिजली कटने की समस्या नहीं होगी और कनेक्शन के समय जमा सिक्योरिटी राशि को बिल में समायोजित कर वापस किया जाएगा। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर रिचार्ज करते रहें ताकि बैलेंस निगेटिव में न जाए।