Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

समरस समाज की नींव है आपसी सम्मान और भाईचारा: पिलखुआ संगोष्ठी में गूंजा एकता का संदेश

HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुआ। सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को रेलवे रोड स्थित बाल मुकुंद धर्मशाला में “सामाजिक सद्भाव एवं समरसता” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 70 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज में एकता और समरसता के संदेश को मजबूत किया। 


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह श्री शिवकुमार ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हर परिवार में श्रद्धा, नम्रता और योग्यता जैसे गुणों का विकास होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता का अर्थ केवल समानता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों, जातियों और समुदायों के बीच आपसी सम्मान, अपनत्व और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना ही सच्ची समरसता है।


उन्होंने कहा कि जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिलता है, तभी वास्तविक समरसता स्थापित होती है। इसके लिए आवश्यक है कि हम भेदभाव, ऊंच-नीच और संकीर्ण मानसिकता को त्यागकर एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति और सहयोग का भाव अपनाएं। परिवार और संस्कारों को समाज की एकता का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत परिवार ही समरस समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। 

संगोष्ठी के दौरान विभिन्न समुदायों से आए गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सामाजिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उपस्थित लोगों ने वक्ताओं से सवाल-जवाब कर विषय से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया, जिससे कार्यक्रम और अधिक संवादात्मक बन गया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ, जहां पूरे हॉल में देशभक्ति का वातावरण बन गया और उपस्थित लोगों ने जोरदार नारों के साथ एकता और अखंडता का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपेंद्र जिला संघचालक, विपिन नगर संघचालक, अभिषेक, हरीश, पवन तोमर, मनोज शिशोदिया, वरुण शर्मा, देवेंद्र शर्मा, प्रद्युम्न, अजय, विशाल कौशिक, केपी सिंह, आशीष, संदीप, ललित, तरुण बंसल, अमित भोला, सुशील, ऋषि पाल सिंह, सत्येंद्र प्रजापति, लोकेश, पवन सैनी, अशोक, नंदकुमार सिंह, रविंद्र, चौधरी महमवीर सिंह, गिरीश, रामवीर, केजे त्यागी, सुधीर माहेश्वरी, महेश तोमर, अरविंद गर्ग, अनिल शर्मा, वेदप्रकाश, विजय शर्मा सहित विभिन्न समाजों के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।