Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गर्मी बढ़ी तो सूती कपड़ों की बिक्री तेज, बाजारों में बढ़ी भीड़


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

मौसम में बढ़ती गर्मी के साथ ही लोगों की खरीदारी का रुझान भी बदलने लगा है। तेज धूप और ऊंचे तापमान के चलते अब लोग हल्के और आरामदायक कपड़ों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी कारण बाजारों में सूती कपड़ों की मांग तेजी से बढ़ रही है और दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है।

शहर के गोल मार्केट, कोठी गेट, चंडी रोड और खाई बाजार जैसे प्रमुख बाजारों में रेडीमेड और कपड़े की दुकानों पर रौनक देखने को मिल रही है।

खासकर महिलाओं और युवतियों के बीच सूती कुर्ती, सूट और हल्के फैब्रिक वाले कपड़ों की खरीदारी बढ़ी है। दुकानों पर अलग-अलग डिजाइन और रंगों के कपड़े उपलब्ध हैं, जिनमें सूती के साथ रेयॉन और फ्लोरल प्रिंट भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

साथी क्लॉथ के संचालक शाकिब के अनुसार, गर्मी को देखते हुए पहले ही हल्के कपड़ों का स्टॉक बढ़ा लिया गया था। ग्राहकों की मांग के अनुसार किफायती दरों पर कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कुर्तियां करीब 250 से 800 रुपये, बैक डोरी कुर्ती 300 से 700 रुपये और ट्राउजर सूट 500 से 2000 रुपये तक में बिक रहे हैं, जिससे हर वर्ग के ग्राहक आसानी से खरीदारी कर रहे हैं।