Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गर्मी बढ़ते ही गढ़मुक्तेश्वर में पेयजल संकट गहराया, कई हैंडपंप खराब होने से लोग परेशान


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। नगर में तापमान बढ़ने के साथ ही पेयजल की समस्या सामने आने लगी है। शहर के स्थान रोड, तहसील रोड, राजीव नगर और आदर्श नगर समेत कई इलाकों में हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। बाजारों में दिनभर रहने वाले लोगों के लिए ये हैंडपंप ही मुख्य सहारा होते हैं, लेकिन इनके बंद रहने से दिक्कतें बढ़ गई हैं।



स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गर्मी के दिनों में पानी की जरूरत अधिक होती है, ऐसे में हैंडपंपों का बंद होना बड़ी समस्या बन गया है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे नाराजगी बढ़ रही है।

व्यापारी नेता मोहित कंसल ने बताया कि बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंडपंपों की मरम्मत जल्द कराई जानी चाहिए, ताकि राहगीरों और दुकानदारों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि नगर पालिका को गर्मी के मौसम को देखते हुए पहले से ही व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए थी।

नगर पालिका ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने कहा कि कुछ स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए हैं और जहां-जहां हैंडपंप खराब हैं, वहां जल्द मरम्मत कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों को पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी।