Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण की तैयारियों पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निर्देश


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

आगामी 29 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कविता मीणा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। 


जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के करकमलों द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण प्रस्तावित है, ऐसे में सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से लेते हुए समय से तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए।


डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल भैना सदरपुर इंटरचेंज के समीप साफ-सफाई, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले अतिथियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।


पुलिस विभाग को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए। समय से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने अपनी तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। 

जिला प्रशासन का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसे लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है, ताकि कार्यक्रम गरिमामय और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।