Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फर्जी आईटीसी क्लेम का खुलासा, 1.12 करोड़ के ई-वे बिल निरस्त


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

धौलाना स्थित एक स्क्रैप कारोबार से जुड़ी कंपनी पर फर्जी तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेने का मामला सामने आया है। जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की जांच में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी पकड़ी गई। कार्रवाई करते हुए विभाग ने 1.12 करोड़ रुपये के ई-वे बिल निरस्त कर माल जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार यूपीएसआईडीसी क्षेत्र के मसूरी-गुलावठी रोड स्थित एलआईएमआर रिसाइक्लिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी राज्य वस्तु एवं सेवा कर विभाग में पंजीकृत है। कंपनी पुराने एसी, रेफ्रिजरेटर और अन्य स्क्रैप खरीदने-बेचने का कारोबार करती है। जांच में सामने आया कि फर्म ने कथित रूप से फर्जी फर्मों से खरीद दिखाकर करीब 4.19 करोड़ रुपये का आईटीसी क्लेम किया।

विभाग के डाटा विश्लेषण के दौरान मामला सामने आने पर एसआईबी की टीम जांच के लिए फर्म पहुंची। संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह के निर्देशन में सहायक आयुक्त विपिन शुक्ला और सतीश तिवारी ने दस्तावेजों की जांच की।

जांच में जिन फर्मों से खरीद दर्शाकर आईटीसी लिया गया था, वे संदिग्ध और बोगस पाई गईं। साथ ही फर्म के रिटर्न में करीब 23.75 लाख रुपये का अंतर भी मिला। इसके बाद टीम ने संबंधित दस्तावेज कब्जे में लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि फर्जी फर्मों के जरिए टैक्स चोरी करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।