Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

चार महीने में उखड़ी 15 लाख की सड़क, लोगों में रोष


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा के कृष्णागंज स्थित वैरायटी स्वीट्स वाली गली में करीब 15 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क महज चार महीने में ही टूटने लगी है। सड़क की खराब हालत को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए थे, लेकिन शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया। अब सड़क कई जगह से उखड़ चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान जलभराव होने पर हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों के अनुसार सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया और जल्दबाजी में काम पूरा दिखाकर भुगतान करा लिया गया। उनका कहना है कि समय रहते तकनीकी जांच होती तो सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सकती थी।

मामले को लेकर नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों ने निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही बरती, जिसकी वजह से यह अनियमितता सामने आई। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि केवल मरम्मत कर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि निर्माण गुणवत्ता, भुगतान प्रक्रिया और तकनीकी स्वीकृति की भी गहन जांच हो।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि सड़क खराब होने की शिकायत मिली है और मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण में लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है।

वहीं स्थानीय लोगों ने दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने, निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।