Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

एडीजी भानु भास्कर ने पिलखुवा थाने की परखी व्यवस्था, अभिलेखों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की गहन जांच


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने शनिवार को पिलखुवा थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल बनी रही। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एडीजी ने थाने पहुंचते ही सबसे पहले थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, कार्यालय, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार और अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, अपराध रजिस्टर, शिकायत पंजिका और हिस्ट्रीशीटरों से संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। साथ ही पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता और पारदर्शिता के साथ किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाने की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए थाना परिसर में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। 

एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आमजन के साथ बेहतर व्यवहार करने, पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने एडीजी को जनपद में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने पिलखुवा क्षेत्र में कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ पूरी तरह अलर्ट दिखाई दिया। एडीजी ने कई पुलिस कर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी ड्यूटी और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।