हापुड़।
धौलाना क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार अब ग्रामीणों की परेशानी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का कारण बनता जा रहा है। मिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंफरों ने गांव में लगी विद्युत लाइन को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। भारी वाहनों की चपेट में आने से दर्जनों विद्युत पोल टूट गए, जिससे पूरे गांव की बिजली सप्लाई ठप हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से खनन माफियाओं के डंफर लगातार दौड़ रहे हैं। ओवरलोड और ऊंचाई तक भरे डंफर गांव की सड़कों से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। बताया गया कि देर रात मिट्टी से भरे कई डंफर गांव से गुजर रहे थे। इसी दौरान डंफरों की टक्कर से सड़क किनारे लगे विद्युत पोल एक के बाद एक टूटते चले गए। देखते ही देखते कई पोल धराशायी हो गए और बिजली की लाइनें जमीन पर गिर गईं।
घटना के बाद पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रातभर गांव अंधेरे में डूबा रहा। बिजली न होने से पेयजल संकट भी खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से अवैध खनन की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूरी की जाती है।
घटना के बाद खनन माफिया मौके से डंफर लेकर फरार हो गए। वहीं ग्रामीणों ने टूटे हुए बिजली के पोल और क्षतिग्रस्त लाइन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। थाना धौलाना क्षेत्र की इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
.jpg)
.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin