हापुड़।
धौलाना तहसील क्षेत्र के ग्राम सुखदेवपुर स्थित श्री साईं ब्रिक फील्ड ईंट भट्ठे पर शुक्रवार को प्रशासन और उत्तर प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भट्ठे को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध और नियम विरुद्ध संचालित इकाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार धौलाना दिव्यांशी सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम सुबह भट्ठे पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले भट्ठे के संचालन से संबंधित अभिलेखों और अनुमति पत्रों की जांच की। इसके साथ ही मौके पर संचालित व्यवस्थाओं और पर्यावरणीय मानकों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने और आवश्यक मानकों के उल्लंघन की शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए भट्ठे को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और कई जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।
कार्रवाई के समय राजस्व निरीक्षक मांगेराम, क्षेत्रीय लेखपाल प्रभात कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम की कार्रवाई को लेकर आसपास के लोगों में चर्चा का माहौल बना रहा।
नायब तहसीलदार दिव्यांशी सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में अवैध और नियमों के विपरीत संचालित इकाइयों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण मानकों और प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई इकाई बिना आवश्यक अनुमति या नियमों के विरुद्ध संचालित पाई जाती है तो उसके खिलाफ इसी प्रकार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin