Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

स्मार्ट मीटर और महंगी गैस के खिलाफ बहुजन मुक्ति पार्टी का हुंकार, डीएम कार्यालय पर चूल्हा जलाकर किया प्रदर्शन


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

महंगाई, स्मार्ट मीटर, महंगी घरेलू गैस और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में बुधवार को बहुजन मुक्ति पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए तत्काल बदलाव की मांग उठाई।

बहुजन मुक्ति पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है। स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अधिक बिजली बिल थोपा जा रहा है, जबकि घरेलू और कॉमर्शियल गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निजी कंपनियां स्मार्ट मीटर के माध्यम से जनता की आर्थिक लूट कर रही हैं।


ज्ञापन में कहा गया कि स्मार्ट मीटर पारदर्शी नहीं हैं और इनमें लगी सिम के जरिए बिजली यूनिट बढ़ाकर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बिल डाला जा रहा है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने के बावजूद लोगों के ऊपर भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं। इतना ही नहीं, मामूली माइनस बैलेंस होने पर तुरंत बिजली काट दी जाती है, जिससे गरीब परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है कार्यकर्ताओं ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 1500 से 2000 रुपये और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3500 रुपये तक पहुंचने पर चिंता जताई। उनका कहना था कि गैस एजेंसियों पर लंबी लाइन लगने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं एजेंटों द्वारा ब्लैक में महंगे दामों पर गैस बेचने का आरोप भी लगाया गया।


पार्टी नेताओं ने कहा कि कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के सामने बेरोजगारी का संकट खड़ा हो गया है। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को भी किसान, मजदूर, छात्र और कर्मचारियों पर आर्थिक बोझ बताया गया। ज्ञापन में मांग की गई कि स्मार्ट मीटर हटाकर पारदर्शी मीटर लगाए जाएं।


 बिजली आपूर्ति न होने के बावजूद वसूले गए बिल उपभोक्ताओं को वापस किए जाएं। घरेलू गैस सिलेंडर 400 रुपये और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 700 रुपये में उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पेट्रोल 90 रुपये और डीजल 80 रुपये प्रति लीटर करने की मांग भी उठाई गई।


बहुजन मुक्ति पार्टी ने बताया कि यह आंदोलन तीन चरणों में देश के 625 जिलों में चलाया जा रहा है। पहले चरण में स्मार्ट मीटर के विरोध में लालटेन भेंट आंदोलन किया गया, जबकि दूसरे चरण में महंगी गैस के खिलाफ चूल्हा जलाओ धरना-प्रदर्शन किया गया। तीसरे चरण में 31 मई को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में ‘दे धक्का आंदोलन’ किया जाएगा।