Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ई-रिक्शा चालक महिला का बैग लेकर फरार, पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड। 

पिलखुवा से हापुड़ आई एक महिला का बैग ई-रिक्शा चालक लेकर फरार हो गया। बैग में जरूरी दस्तावेज, नकदी और अन्य सामान रखा था। घटना के बाद पीड़ित महिला घंटों तक पुलिस चौकियों और थानों के चक्कर लगाती रही, लेकिन उसे तत्काल राहत नहीं मिल सकी। मामला पिलखुवा और नगर कोतवाली क्षेत्र की सीमा में उलझा रहा, जिससे महिला को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार महिला पिलखुवा क्षेत्र से ई-रिक्शा में बैठकर हापुड़ आई थी। रास्ते में किसी स्थान पर उतरने के दौरान महिला अपना बैग ई-रिक्शा में ही भूल गई। कुछ देर बाद जब महिला को बैग का ध्यान आया तो उसने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन तब तक चालक वहां से जा चुका था। 

महिला ने स्थानीय लोगों की मदद से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें संदिग्ध ई-रिक्शा चालक कैद होता दिखाई दिया।


पीड़ित महिला का आरोप है कि वह सबसे पहले पिलखुवा थाने पहुंची, जहां पुलिस ने घटना स्थल नगर कोतवाली क्षेत्र का बताते हुए उसे वहां जाने की सलाह दे दी। इसके बाद महिला नगर कोतवाली पहुंची तो वहां भी मामला पिलखुवा क्षेत्र से जुड़ा बताकर स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई। दोनों थानों के बीच सीमा विवाद में उलझने के कारण महिला को न्याय के लिए भटकना पड़ा। 


महिला ने बताया कि बैग में नकदी के अलावा जरूरी कागजात और निजी सामान रखा था, जिसके गायब होने से उसे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी ई-रिक्शा चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।