Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर हापुड़ में भव्य प्रदर्शनी, जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों से गूंजा सभागार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर पालिका परिषद हापुड़ के सभागार में सूचना विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद दोनों अतिथियों ने प्रदर्शनी का विस्तार से अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं से संबंधित लगाए गए स्टॉलों की जानकारी ली।

                             


इस अवसर पर सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों को सरकार की 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया गया, जिससे आमजन को योजनाओं के लाभ, प्रक्रिया और उपलब्धियों की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके।


जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर ने कहा कि बीते 12 वर्षों में सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों जरूरतमंदों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया है, जबकि पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधी आर्थिक सहायता दी जा रही है। आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच प्रदान की है।


भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद हापुड़ में प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।


प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, आधार और जनधन योजना, डीबीटी प्रणाली, वंदे भारत ट्रेनों के विस्तार, भारतमाला और सागरमाला परियोजनाओं जैसी प्रमुख उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा मुद्रा योजना और स्टार्टअप इंडिया के माध्यम से रोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आए बदलावों को भी दर्शाया गया। कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।