HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। गन्ने की फसल में यूरिया के उपयोग के महत्वपूर्ण समय पर हापुड़ को 1908 मीट्रिक टन यूरिया की नई खेप प्राप्त हुई है। मालगाड़ी के माध्यम से यह यूरिया हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से इसे विभिन्न बफर गोदामों और सहकारी समितियों तक पहुंचाया गया, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
पिछले कुछ दिनों से जिले में यूरिया की मांग लगातार बढ़ रही थी। गन्ना उत्पादक किसानों द्वारा फसल की बढ़वार के लिए बड़े पैमाने पर यूरिया का उपयोग किया जा रहा है, जिसके चलते कई स्थानों पर सहकारी समितियों के बाहर किसानों की लंबी कतारें देखने को मिल रही थीं। बढ़ती मांग को देखते हुए कृषि एवं सहकारिता विभाग ने अतिरिक्त यूरिया रैक की मांग शासन स्तर पर भेजी थी।
मांग के अनुरूप जिले को 1908 मीट्रिक टन यूरिया की रैक आवंटित की गई है। रेलवे स्टेशन पर खेप पहुंचने के बाद अधिकारियों ने तत्काल इसकी निकासी कराकर विभिन्न भंडारण केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
सहकारिता विभाग के अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में जिले की विभिन्न सहकारी समितियों पर लगभग 600 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। इसके अलावा बफर गोदामों में 278 मीट्रिक टन और रिजर्व स्टॉक के रूप में करीब 1700 मीट्रिक टन यूरिया सुरक्षित रखा गया है। इससे आने वाले दिनों में किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अधिकारियों का कहना है कि जिले में यूरिया की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां आवश्यकता होगी, वहां अतिरिक्त स्टॉक भेजा जाएगा ताकि किसी भी किसान को खाद के लिए भटकना न पड़े। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित दरों पर अधिकृत केंद्रों से ही यूरिया खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें।
.jpg)




.jpeg)






.jpeg)
.jpeg)


Social Plugin