Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

रेलवे मरम्मत कार्य से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित, यात्रियों को करना पड़ा इंतजार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

रेलवे ट्रैक पर चल रहे रखरखाव और तकनीकी उन्नयन कार्यों के कारण मंगलवार को कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। पिलखुवा और कुचेसर रोड चौपला स्टेशन के बीच नॉन-इंटरलॉकिंग तथा ऑटोमेटिक सिग्नल सिस्टम से संबंधित कार्य के लिए निर्धारित समय तक ब्लॉक लिया गया, जिससे कई रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं।

                             

जानकारी के अनुसार सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक रेलवे लाइन पर तकनीकी कार्य जारी रहा। इस दौरान ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया गया, जिसका असर रेल यातायात पर पड़ा। अन्य रेलखंडों में भी चल रहे मरम्मत कार्यों के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों का समय प्रभावित रहा।

देरी से पहुंचने वाली ट्रेनों में धनबाद-चंडीगढ़ ग्रीष्मकालीन स्पेशल करीब 14 घंटे 30 मिनट, पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार ग्रीष्मकालीन स्पेशल लगभग 11 घंटे, जोगबनी-आनंद विहार ग्रीष्मकालीन स्पेशल करीब 10 घंटे तथा आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट ग्रीष्मकालीन स्पेशल भी लगभग 10 घंटे विलंब से संचालित हुई। इसके अलावा सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस भी करीब 10 घंटे देरी से स्टेशन पहुंची।

स्थानीय रेल सेवाएं भी प्रभावित रहीं। मुरादाबाद-गाजियाबाद मेमू पैसेंजर करीब चार घंटे और बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस लगभग तीन घंटे विलंब से हापुड़ स्टेशन पहुंची।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार विभिन्न रेल मार्गों पर चल रहे रखरखाव और आधुनिकीकरण कार्यों के कारण अस्थायी रूप से ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ रहा है। कार्य पूरा होने के बाद रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी।