Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ओटीएस योजना में गढ़ डिवीजन ने पार किया 14 करोड़ का आंकड़ा


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत गढ़ डिवीजन में ऊर्जा विभाग को अब तक उल्लेखनीय सफलता मिली है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार करीब 11,300 उपभोक्ताओं ने योजना में पंजीकरण कर लगभग 13.20 करोड़ रुपये जमा किए हैं।

इसके साथ ही बिजली चोरी से जुड़े मामलों में भी अभियान चलाकर करीब 70 लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की गई। दोनों मदों को मिलाकर कुल संग्रह 14 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जिसे विभाग बड़ी उपलब्धि मान रहा है।

योजना के अंतर्गत घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बकाया बिलों पर लगने वाले ब्याज व सरचार्ज में छूट दी जा रही है। इसी छूट का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता आगे आ रहे हैं। विभाग ने बताया कि योजना समाप्त होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, इसलिए शेष बकायेदार जल्द से जल्द पंजीकरण कर भुगतान सुनिश्चित करें।

अधिशासी अभियंता सूर्यउदय प्रताप ने बताया कि गढ़, सिंभावली, ब्रजघाट, बहादुरगढ़ और नानपुर क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना की समय सीमा समाप्त होने के बाद बकाया धारकों के खिलाफ कनेक्शन काटने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।