HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 फरवरी को न्यायालय परिसर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार प्रथम ने विधिक जागरूकता के लिए तैयार मल्टी यूटिलिटी व्हीकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक भी न्याय और कानूनी जानकारी सहज रूप से पहुंचे।
यह विशेष वाहन जनपद के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को विधिक अधिकारों की जानकारी देगा। इसके माध्यम से स्वयंसेवक और प्राधिकरण के अधिकारी जागरूकता कार्यक्रम, विशेष कैंप और सहायता शिविर आयोजित करेंगे, ताकि आर्थिक या सामाजिक कारणों से न्यायालय तक नहीं पहुंच पाने वाले लोगों को भी मदद मिल सके।
22 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे से कचहरी परिसर में होने वाले इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। यहां पर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जाएगा। जरूरतमंदों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था रहेगी।
शिविर का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद वर्ग को विधिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य सरकारी लाभों से सीधे जोड़ना है, ताकि उन्हें आवश्यक सेवाएं सरलता से मिल सकें।
.jpg)






.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin