HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
फाल्गुन महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। 13 से 16 फरवरी तक प्रस्तावित आयोजन और 15 फरवरी को मुख्य पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे जनपद को तीन जोन और 10 सेक्टर में विभाजित कर 14 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात की गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जनपद में सबली मंदिर सहित प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर भी आवागमन बढ़ने की उम्मीद है। सुरक्षा के दृष्टिगत मंदिर परिसर, गर्भगृह, पार्किंग स्थल और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। ड्रोन और आईपी कैमरों के माध्यम से कांवड़ मार्गों तथा मंदिर क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम स्थापित कर सीसीटीवी कैमरों पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी।
हापुड़ में नौ मुख्य कांवड़ मार्ग, पांच मेले, तीन घाट और एक शिव बारात/शोभायात्रा को चिन्हित कर सुरक्षा का विशेष प्लान लागू किया गया है। 11 शिविर एवं भंडारों पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। 55 हॉटस्पॉट व संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। जनपद की सीमाओं पर 22 बैरियर और 11 पिकेट सक्रिय किए गए हैं, जबकि दो पीए सिस्टम के जरिए लगातार उद्घोषणाएं की जाएंगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए होल्डिंग एरिया चिन्हित किए गए हैं और पार्किंग स्थलों का निर्धारण कर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है, जिससे मंदिर परिसरों में अनावश्यक वाहनों का प्रवेश न हो। खोया-पाया केंद्र स्थापित कर श्रद्धालुओं की सहायता की जाएगी। एंटी रोमियो स्क्वॉड, गुंडा दमन दल और एलआईयू को भी सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। फायर टेंडरों की तैनाती कर आपात स्थिति से निपटने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
विगत वर्षों के विवादों की समीक्षा कर संभावित संवेदनशील मामलों का पूर्व में ही निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय किया गया है। किसी भी भ्रामक या तथ्यहीन सूचना के प्रसार पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि निर्धारित मार्गों और व्यवस्थाओं का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि महाशिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।




.jpeg)


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin