Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिजली बिल राहत योजना में 53% उपभोक्ता हुए शामिल, वसूली 29 करोड़

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

बिजली बिल राहत योजना में जिले के कुल उपभोक्ताओं का 53 प्रतिशत हिस्सा पंजीकरण करा चुका है। हालांकि, कुल बकाया राशि 89 करोड़ के मुकाबले अब तक सिर्फ 29 करोड़ रुपये वसूले जा सके हैं। हापुड़ डिवीजन में सबसे अधिक उपभोक्ता योजना में जुड़े हैं, जबकि गढ़ डिवीजन में पंजीकरण की दर सबसे कम है।

इस बार योजना में सिर्फ सरचार्ज ही नहीं, बल्कि बिल के मूलधन और बिजली चोरी के जुर्माने में भी छूट दी गई है। इसके चलते अधिक लोगों के योजना में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन अब भी करीब 47 प्रतिशत उपभोक्ता आवेदन नहीं कर रहे हैं।

जिले में कुल 45,232 उपभोक्ताओं को योजना में शामिल किया गया। इसमें 24,442 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है, जिनसे 29 करोड़ रुपये वसूले गए। साथ ही सरचार्ज में लगभग 14 करोड़ की छूट दी गई।

बिजली चोरी के मामलों में कुल 9,207 प्रकरणों को योजना में शामिल किया गया, जिनमें से 2,381 लोगों ने आवेदन किया। इनसे 3 करोड़ रुपये की वसूली हुई है।

डिवीजनवार आंकड़ों के अनुसार हापुड़ डिवीजन में 64 प्रतिशत, पिलखुवा में 55 प्रतिशत और गढ़ डिवीजन में 50 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है।

अधीक्षण अभियंता सुभाष बंद्र ने कहा कि योजना के तहत वसूली जारी है और उपभोक्ताओं को समय पर पंजीकरण कर लाभ उठाने की सलाह दी गई है।