Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

रमजान का आगाज, चांद दिखते ही मस्जिदों में तरावीह और बाजारों में चहल-पहल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

बुधवार शाम रमजान माह का चांद नजर आते ही शहर में धार्मिक माहौल बन गया। चांद के दीदार के बाद मुस्लिम समाज में रमजान की शुरुआत हो गई। लोगों ने सहरी की तैयारी के लिए बाजारों का रुख किया, वहीं मस्जिदों में तरावीह की नमाज भी शुरू कर दी गई।

रमजान को इस्लाम में बेहद पवित्र महीना माना जाता है। इस दौरान रोजेदार रोजा रखकर अल्लाह की इबादत करते हैं और कुरान-ए-पाक की तिलावत का विशेष आयोजन किया जाता है। चांद दिखाई देने के बाद बुधवार रात से ही तरावीह की नमाज का सिलसिला शुरू हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में नमाजी शामिल हो रहे हैं।

रमजान के मद्देनजर मस्जिदों के आसपास सफाई व्यवस्था को बेहतर किया गया है और कई जगहों पर सजावट भी की गई है। गुरुवार को पहला रोजा रखा जाएगा और इसके साथ ही पूरे महीने इबादत, नमाज और धार्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी।

इधर रमजान शुरू होते ही बाजारों में भी रौनक लौट आई है। पुराना बाजार सहित मुस्लिम इलाकों में फैनी, सेवई, खजला, ब्रेड, दूध और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी तेज हो गई है। बुलंदशहर रोड, मजीदपुरा, कोटला सादात और सिकंदर गेट जैसे बाजारों में देर शाम तक लोगों की भीड़ देखने को मिली।

व्यापारियों का कहना है कि रमजान के शुरुआती दिनों में सहरी और इफ्तार की वस्तुओं की मांग तेजी से बढ़ जाती है और बाजार देर रात तक गुलजार रहते हैं।