Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

दोयमी फाटक के पास मारपीट के बाद लूट का आरोप, आठ के खिलाफ केस


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

देहात थाना क्षेत्र में स्वर्ग आश्रम रोड स्थित दोयमी फाटक के निकट बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो कारों में सवार आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव दोयमी के रहने वाले सुबीश त्यागी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे उनका बेटा आकाश उर्फ गुड्डू अपने मित्र ध्रुव के साथ बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद कार सवार लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ हमलावरों ने लोहे की रॉड और लात-घूंसों से मारपीट की। इसी दौरान दूसरी कार में आए लोगों ने भी हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने हथियार दिखाकर ध्रुव के गले से सोने की चेन और पर्स में रखी करीब 49 हजार रुपये की रकम छीन ली। आसपास लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वाहनों के नंबरों से पहचान की प्रक्रिया जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।