Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बहादुरगढ़ सीएचसी में शुगर जांच के लिए मरीजों को करना पड़ रहा लंबा इंतजार, लोगों में नाराज़गी


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर के बहादुरगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की खामी से मरीजों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। यहां मधुमेह की सामान्य जांच के लिए भी मरीजों को कई बार आने और दो-दो दिन इंतजार करने की मजबूरी बनी हुई है।

मरीजों का कहना है कि जब वे शुगर जांच कराने अस्पताल आते हैं, तो उन्हें स्टाफ की कमी बताकर वापस भेज दिया जाता है। बार-बार चक्कर काटने से खासकर बुजुर्ग और गरीब लोग परेशान हो रहे हैं। कई लोगों ने तो अस्पताल के कर्मचारियों पर रुखा व्यवहार और सही जानकारी न देने का आरोप भी लगाया है।

मरीजों को परेशान कर रहा सिस्टम

एक मरीज ने बताया कि बिना किसी स्पष्ट वजह के उन्हें दो दिन बाद आने को कहा गया, जबकि जांच एक सामान्य प्रक्रिया है। ऐसे में मरीजों को समय, पैसे और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।

सीएमओ ने कहा—गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील त्यागी ने इस मामले पर स्पष्ट कहा कि मरीजों के साथ गलत बर्ताव स्वीकार्य नहीं है। यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज होती है, तो उसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।