HALCHAL INDIA NEWS
पिलखुवा (हापुड़)। नगर के मोहल्ला साकेत में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सैनी की धर्मशाला के पास स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में कमरे में रखा सारा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह मकान फतेह सक्सेना पुत्र स्वर्गीय शंकर लाल सक्सेना का है। घटना के समय मकान में उनकी पत्नी और पोता मौजूद थे, जबकि बेटा नौकरी पर गया हुआ था और फतेह सक्सेना स्वयं किसी कार्य से बाजार गए हुए थे। इसी दौरान अचानक कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की चपेट में आकर कमरे में रखा बिस्तर, कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। आग से मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि समय रहते घर में मौजूद महिला और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दोनों दहशत में आ गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू न पाते देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
फायर ब्रिगेड अधिकारी सचिन बालियान ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और इस घटना में किसी प्रकार की जान की हानि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि मकान मालिक से नुकसान का विस्तृत विवरण लिया जा रहा है, ताकि आग से हुई क्षति का सही आकलन किया जा सके। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। आग से हुए नुकसान को लेकर पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
.jpg)





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin