Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

होली को लेकर परिवहन निगम अलर्ट, बसों की फिटनेस जांच और अतिरिक्त फेरे की तैयारी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

होली के त्योहार पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डिपो की कार्यशाला में बसों की तकनीकी जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान सफर सुचारु और सुरक्षित रहे।

हापुड़ डिपो से प्रदेश और आसपास के प्रमुख शहरों—लखनऊ, बरेली, सीतापुर, गोरखपुर, दिल्ली, नोएडा, किठौर और मोदीनगर—के लिए कुल 131 बसें संचालित होती हैं। त्योहार के समय यात्रियों की संख्या बढ़ने से बसों में दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए 28 फरवरी से 9 मार्च तक लंबी दूरी और स्थानीय रूटों पर बसों के अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया गया है।

डिपो कार्यशाला में बसों के शीशे, टायर, ब्रेक सिस्टम और अग्निशमन उपकरणों की जांच की जा रही है। जहां भी कमी मिल रही है, उसे तुरंत ठीक कराया जा रहा है। साथ ही तय अवधि के दौरान कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन देने की योजना भी बनाई गई है।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं और अतिरिक्त फेरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।