Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

लुहारी गांव में बंद घर से नकदी व जेवरात चोरी


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लुहारी गांव में चोरों ने एक सूने पड़े मकान को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना में लाखों रुपये की नकदी और कीमती आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक किसान धर्मवीर के दो मकान पास-पास बने हुए हैं। एक घर में ताला डालकर वह परिवार सहित दूसरे मकान में रात को सो रहे थे। सुबह जब उन्होंने बंद मकान का दरवाजा देखा तो उसके ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा हुआ था।

अंदर जांच करने पर सेफ में रखी करीब 2.15 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के गहने गायब मिले। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने के प्रयास किए जाएंगे।