Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पिलखुवा में तिरपाल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 20 लाख तक का नुकसान

HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। किशनगंज नई आबादी इलाके में रविवार तड़के एक तिरपाल बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

बताया गया है कि हिंदू कन्या इंटर कॉलेज के पीछे स्थित इनाम टेक्सटाइल फैक्ट्री में रात के समय काम चल रहा था। इसी दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। फैक्ट्री में रखे धागे और कपड़े ने आग को तेजी से फैलने में मदद की, जिससे लपटें बेकाबू हो गईं।

मौजूद कारीगरों ने शुरुआती प्रयास किए, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी देर की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। आसपास घनी आबादी होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

फैक्ट्री संचालक यूसुफ के अनुसार आग से करीब 15 से 20 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। पुलिस का कहना है कि नुकसान का सही आंकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग के अधिकारी सचिन बालियान ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था और आग को फैलने से रोक लिया गया।