Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

रामनवमी पर सिद्ध पीठ श्री गुरु बाबा मंदिर में भव्य आयोजन, 78वीं पुण्यतिथि पर हुआ विशाल भंडारा


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। रामनवमी के शुभ अवसर पर पिलखुवा के मेन मार्केट स्थित सिद्ध पीठ श्री गुरु बाबा मंदिर में बाबा की 78वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, सुंदरकांड पाठ, झांकियां और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया था। बाबा का स्नान कराकर नए वस्त्र पहनाए गए और पूरे विधि-विधान के साथ श्रृंगार किया गया। इसके बाद मंत्रोच्चार के बीच भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्ति से सराबोर नजर आया।

मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था और विभिन्न धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। दिनभर श्रद्धालुओं का मंदिर में आना-जाना लगा रहा।

धार्मिक कार्यक्रमों के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें पिलखुवा और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर समिति के सदस्य लगातार सक्रिय रहे।

मंदिर समिति के ट्रस्टी सुधीर राय ने बताया कि बाबा की पुण्यतिथि पर भंडारे की परंपरा कई वर्षों से लगातार चली आ रही है और हर साल रामनवमी पर श्रद्धालुओं के सहयोग से इसे भव्य रूप दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह धार्मिक परंपरा इसी तरह जारी रहेगी।

पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली, जिससे क्षेत्र का माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।