Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गैस सिलिंडर की किल्लत से बढ़ी परेशानी, एजेंसियों पर सुबह से लग रही लंबी कतारें


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

एलपीजी गैस सिलिंडर की कमी के चलते जिले में उपभोक्ताओं को अभी भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करीब तीन सप्ताह से गैस एजेंसियों और गोदामों पर लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। सिलिंडर लेने के लिए लोग सुबह-सुबह ही एजेंसी पहुंचकर लाइन में लग रहे हैं।

जिले में लगभग 35 गैस एजेंसियों और उनके गोदामों से रोजाना सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन मांग अधिक होने के कारण लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। ईद के समय गैस की बुकिंग काफी बढ़ गई थी, जो अब कुछ कम हुई है, फिर भी कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।

कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि वे कई दिनों से ऑनलाइन बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सिस्टम में बुकिंग नहीं हो पा रही है। जिन लोगों को 25–27 दिन पहले सिलिंडर मिला था, उनके घरों में गैस खत्म होने की स्थिति बन रही है, जिससे चिंता बढ़ गई है।

जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि उपभोक्ता घबराएं नहीं और मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करें। गैस एजेंसियों द्वारा घर-घर सिलिंडर की डिलीवरी की व्यवस्था जारी है और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।