Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत गुरुवार को थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के कोठी गेट बाजार में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बाजार में मौजूद महिलाओं, छात्राओं और दुकानदारों को सुरक्षा से जुड़े अधिकारों तथा आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी। 

कार्यक्रम में उप निरीक्षक (एसआई) रजनी और महिला कांस्टेबल रूबी ने महिलाओं व बालिकाओं से संवाद कर उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए शासन द्वारा कई हेल्पलाइन नंबर संचालित किए जा रहे हैं, जिनका समय पर उपयोग कर किसी भी घटना को रोका जा सकता है।


पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 102 व 108 (एम्बुलेंस सेवा) तथा 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इन नंबरों को अपने मोबाइल में सेव रखने की अपील की।


 उपनिरीक्षक रजनी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में डरने के बजाय कानून की मदद ले सकें। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बाजार में पर्चे वितरित कर लोगों से महिला सुरक्षा के प्रति सजग रहने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया।