Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

शहर के बीचों-बीच ‘दीवार काट गैंग’ का धावा: गांधी बाजार में दुकान में सेंध, गल्ले से नकदी साफ


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले गांधी बाजार क्षेत्र में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। 26 मार्च की रात पुल के नीचे स्थित मुकुट लाल लोहे वालों की दुकान में शातिर बदमाशों ने दीवार काटकर सेंध लगाई और गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना से पूरे व्यापारी वर्ग में दहशत और आक्रोश का माहौल है। 

दुकान संचालक सुनील कुमार गर्ग के अनुसार वह रोजाना की तरह रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह करीब नौ बजे जब दुकान खोली तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। गल्ले की दराज खुली पड़ी थी और उसमें रखे करीब 15 हजार रुपये गायब थे, जबकि दुकान के भीतर सामान बिखरा हुआ था।

चोरों ने दुकान के पीछे की ओर से प्रवेश करने के लिए पहले दीवार में लगा एग्जॉस्ट हटाया, फिर लोहे के जंगले को काटकर अंदर घुसे। वारदात के तरीके से साफ है कि बदमाश पूरी तैयारी और प्लानिंग के साथ आए थे। नकदी के अलावा अन्य सामान की चोरी की भी जांच की जा रही है। 

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर जुट गए। पीड़ित ने पिलखुवा कोतवाली में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।


बताया जा रहा है कि कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान के कार्यभार संभालने के बाद चोरी की घटनाओं में काफी कमी आई थी, लेकिन शहर के बीचों-बीच इस तरह की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर फिर चिंता बढ़ा दी है। 

कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।