HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पश्चिमी प्रांत के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीएम चौहान ने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। परतापुर रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक एवं पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि जनता एक ओर गैस सिलेंडर की किल्लत और महंगाई से जूझ रही है, जबकि दूसरी ओर बड़े आयोजनों के नाम पर सरकारी संसाधनों और ईंधन की बर्बादी की जा रही है।
सीएम चौहान ने कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की हजारों बसें लगाई गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हापुड़ क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में बसों के माध्यम से लोगों को रैली में ले जाया गया और आसपास के गांवों के लोगों पर भी कार्यक्रम में पहुंचने का दबाव बनाया गया।
उन्होंने कहा कि जब देश की जनता गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़ी है और महंगाई से परेशान है, तब इस तरह के भव्य आयोजनों पर भारी खर्च और ईंधन की खपत करना जनता के साथ अन्याय है। उनका कहना था कि सरकार को दिखावे के बजाय लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
सीएम चौहान ने सांसद के उस बयान पर भी सवाल उठाया जिसमें कहा गया था कि “हवाई चप्पल पहनने वाला भी अब हवाई जहाज में बैठेगा।” उन्होंने कहा कि जब आम लोगों के पास बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए ही पर्याप्त पैसे नहीं हैं, तो हवाई यात्रा की बात करना जमीनी हकीकत से दूर है। आप नेता ने दिल्ली और पंजाब में अपनी पार्टी की सरकार के कामों का हवाला देते हुए कहा कि वहां बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक योजनाओं के जरिए लोगों को राहत देने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, बेहतर सरकारी स्कूल और अस्पताल, स्वास्थ्य बीमा तथा अन्य योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। बैठक में अरुण शर्मा, चतर सिंह कलुआ, सुरेंद्र चौधरी, इमरान खान, शकील अहमद, बुद्ध प्रकाश एडवोकेट, विनोद सैनी, देवेंद्र तोमर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सीएम चौहान ने कहा“आज देश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रही है। लोग घंटों लाइनों में खड़े होकर भी सिलेंडर नहीं ले पा रहे, लेकिन सरकार बड़े-बड़े आयोजनों में जनता का पैसा और संसाधन खर्च कर रही है। जेवर एयरपोर्ट देश के लिए महत्वपूर्ण परियोजना हो सकती है, लेकिन इसका उद्घाटन सादगी से भी किया जा सकता था। हजारों बसें लगाकर भीड़ जुटाना, डीजल-पेट्रोल की बर्बादी करना और सरकारी मशीनरी का इस तरह इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
सरकार कहती है कि गरीब भी हवाई जहाज में सफर करेगा, लेकिन पहले उसे पेट भरने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने लायक बनाना जरूरी है। आम आदमी पार्टी मानती है कि विकास का मतलब दिखावा नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक सुधार होना चाहिए। दिल्ली और पंजाब में हमने बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में जो काम किए हैं, वह इसी सोच का परिणाम हैं। सरकार को भी ऐसे कदम उठाने चाहिए जिससे जनता को राहत मिले, न कि केवल बड़े आयोजनों के जरिए राजनीतिक संदेश दिया जाए।”
.jpg)






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin