Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फर्जी मुक्ति प्रमाण पत्र और बच्चों से अभद्रता के आरोप में दो शिक्षक निलंबित


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा ड्यूटी से जुड़ी अनियमितता और छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार के मामलों में सख्त कदम उठाते हुए दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कराई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय झड़ीना के सहायक अध्यापक सिद्धार्थ कुमार और आशीष चौहान की बोर्ड परीक्षा ड्यूटी गढ़मुक्तेश्वर स्थित एक इंटर कॉलेज में लगाई गई थी। उपस्थिति लॉक होने से पहले जब मुक्ति प्रमाण पत्र जमा कराने को कहा गया, तो प्रधानाध्यापक को प्रमाण पत्र संदिग्ध लगा। मामले की शिकायत बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी गई।

जांच में सामने आया कि सिद्धार्थ कुमार द्वारा प्रस्तुत प्रमाण पत्र में 15 दिनों में 15 सत्र की ड्यूटी दिखाई गई, जबकि संबंधित कॉलेज से प्राप्त प्रमाण पत्र में केवल 6 दिनों में 7 सत्र दर्ज थे। हस्ताक्षर भी मेल नहीं खाए, जिसके बाद इसे फर्जी माना गया। खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर सिद्धार्थ कुमार को निलंबित कर दिया गया और जांच की जिम्मेदारी दूसरे अधिकारी को सौंपी गई। निलंबन अवधि में उन्हें कंपोजिट विद्यालय लुखराड़ा में उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं आशीष चौहान के मामले की जांच अभी जारी है और प्रधानाध्यापक से साक्ष्य मांगे गए हैं।

इसी क्रम में न्याजपुर खैय्या स्थित विद्यालय के शिक्षक फरमान को छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में निलंबित किया गया है। विभाग ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी रितु तोमर ने बताया कि झड़ीना और न्याजपुर खैय्या के शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही या गलत कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।