Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

डीएम के आदेश की अनदेखी! सामुदायिक भवन पर पालिका का कब्जा, भड़के कॉलोनीवासी


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। शैलेष फार्म स्थित कॉलोनी में नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उनके उपयोग के लिए बनाए गए सामुदायिक भवन पर पालिका अधिकारियों ने कब्जा कर उसे भंडार गृह में बदल दिया है। इतना ही नहीं, कूड़ा उठाने वाले वाहनों की पार्किंग भी इसी भवन में की जा रही है, जिससे आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल रही है तथा लोगों का वहां आना-जाना तक दूभर हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भवन कॉलोनीवासियों के सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनाया गया था, लेकिन अब उस पर पालिका का कब्जा होने से उनका अधिकार छिन गया है। आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और चेयरमैन ने कोई सुनवाई नहीं की।

मामले की शिकायत जिलाधिकारी से भी की गई थी। कॉलोनीवासियों के अनुसार वे दो बार डीएम से मिल चुके हैं। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पालिका अधिकारियों से बात कर एक सप्ताह के भीतर भवन खाली कराने और कूड़ा वाहनों को हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।


कॉलोनी में दो दशकों से रह रहे देवेन्द्र शर्मा, गजेंद्र शिशोदिया, राजकुमार चौधरी और श्रीभगवान गोयल सहित अन्य निवासियों ने आरोप लगाया कि पालिका द्वारा कॉलोनी की बाउंड्रीवाल तोड़ी गई, अंदर जबरन गेट बनाया गया और अब कूड़ा गाड़ियों की आवाजाही से शांति भंग हो रही है। उनका कहना है कि इन कदमों से न केवल लोगों को असुविधा हो रही है बल्कि कॉलोनी की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

निवासियों का आरोप है कि सामुदायिक भवन में कूड़ा गाड़ियों की पार्किंग होने से पूरे क्षेत्र में बदबू फैलती है और बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यह सब कुछ प्रशासन की जानकारी में होने के बावजूद कार्रवाई न होना तानाशाही को दर्शाता है।


कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। आवश्यकता पड़ने पर कॉलोनी गेट, नगर पालिका कार्यालय और जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सामुदायिक भवन को तुरंत खाली कराकर मूल उद्देश्य के लिए उपलब्ध कराया जाए और कूड़ा वाहनों की पार्किंग किसी अन्य स्थान पर की जाए, ताकि कॉलोनी में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।