HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
नवरात्र के पावन अवसर पर जहां बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं देवी मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रही हैं, वहीं पुलिस प्रशासन भी इस अवसर को महिला सुरक्षा और जागरूकता से जोड़कर मिशन शक्ति अभियान को मजबूत करने में जुटा है। बुधवार को थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के चंडी मंदिर और मंशा देवी मंदिर में महिला पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान उपनिरीक्षक (एसआई) रश्मि और एसआई सोनी यादव ने मंदिर परिसर में मौजूद महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में महिलाएं तुरंत पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की मदद ले सकती हैं।
एसआई सोनी यादव और रश्मि ने मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबर—1090 (महिला पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 102 व 108 (स्वास्थ्य सेवाएं) और 1930 (साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन)—के बारे में विस्तार से बताया। महिलाओं को इन नंबरों को अपने मोबाइल में सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत उपयोग करने की सलाह दी गई।
एसआई रश्मि और एसआई सोनी यादव ने कहा कि नवरात्र जैसे धार्मिक आयोजनों में महिलाओं की बड़ी भागीदारी रहती है, इसलिए ऐसे अवसर जागरूकता फैलाने के लिए सबसे उपयुक्त होते हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी घटना को छिपाने के बजाय तुरंत शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
मंदिर में मौजूद महिलाओं ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें सुरक्षा का भरोसा मिलता है। पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने और पढ़ाई के साथ-साथ अपने अधिकारों की जानकारी रखने पर भी जोर दिया। एसआई रश्मि ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों और धार्मिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
.jpg)


.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin