Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बेवा महिला की जमीन पर कब्जे का आरोप, फैक्ट्री लगाकर नहीं छोड़ रहा दबंग, डीएम से लगाई न्याय की गुहार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के ग्राम सिखेड़ा मुरादाबाद की एक वृद्ध बेवा महिला ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसने अपने हिस्से की केवल कुछ भूमि ही बेची थी, लेकिन खरीदार ने शेष जमीन पर भी कब्जा कर फैक्ट्री स्थापित कर ली है और अब जमीन खाली करने से इंकार कर रहा है। 

ग्राम सिखेड़ा मुरादाबाद निवासी रिहाना ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि खाता संख्या 478, खसरा संख्या 65, कुल रकबा 0.4370 हेक्टेयर में उनका एक चौथाई हिस्सा 0.10925 हेक्टेयर है। इस हिस्से में से उन्होंने वर्ष 2014 में 0.0725 हेक्टेयर भूमि विक्रय की थी। आरोप है कि खरीदार ने निर्धारित भूमि के अलावा उनके शेष हिस्से पर भी कब्जा कर लिया और उसी जमीन पर फैक्ट्री लगा दी।

महिला का कहना है कि वह वृद्ध और बेवा है तथा छोटे बच्चों के साथ बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति का है, जो अपनी हैसियत के दम पर जमीन छोड़ने को तैयार नहीं है। 

रिहाना ने बताया कि इस संबंध में वह पहले भी समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दे चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार चक्कर काटने के बाद भी न्याय न मिलने से वह बेहद परेशान हैं और अब जिलाधिकारी से सीधे हस्तक्षेप की मांग की है। 


उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जा हटवाया जाए तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें अपनी जमीन वापस मिल सके। महिला ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। बे

वा महिला की इस गुहार से प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं कि शिकायतों के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।