Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फर्जी बोर्ड ड्यूटी मुक्ति प्रमाण पत्र प्रकरण में जांच रिपोर्ट बीएसए को भेजी, शिक्षकों पर कार्रवाई की तैयारी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

झड़ीना प्राथमिक विद्यालय के दो शिक्षकों द्वारा कथित रूप से फर्जी बोर्ड ड्यूटी मुक्ति प्रमाण पत्र जमा करने का मामला अब कार्रवाई की ओर बढ़ गया है। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को भेज दी है, जिसमें दस्तावेजों में अनियमितता पाई गई है।

सूत्रों के अनुसार दोनों शिक्षकों की बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन उपस्थिति लॉक करने के समय उन्होंने ड्यूटी से मुक्त होने के प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए। जांच के दौरान बोर्ड परीक्षा केंद्र से मिले रिकॉर्ड और शिक्षकों द्वारा जमा किए गए प्रमाण पत्र में अंतर पाया गया, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराते हुए आवश्यक साक्ष्य अधिकारियों को उपलब्ध कराए थे। इसके बाद बीएसए ने पूरे मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी थी। जांच में कागजातों में गड़बड़ी सामने आने पर रिपोर्ट बीएसए कार्यालय को भेज दी गई है।

खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रमाण पत्रों में हेरफेर के संकेत मिले हैं और सभी संबंधित दस्तावेज बीएसए को सौंप दिए गए हैं। अब बीएसए स्तर से आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।