Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नानपुर गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। थाना क्षेत्र के गांव नानपुर में रविवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और पथराव की घटना भी सामने आई। इस झड़प में कई लोग घायल हो गए, जिसके बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पठानों की चौपाल के पास किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई थी। कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस का कहना है कि गश्त के दौरान ही मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस कार्य में रुकावट डालने की कोशिश भी की गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों के नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश जारी है और अज्ञात लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे।