Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टरी में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान


HALCHAL INDIA NEWS

धौलाना। यूपीएसआईडीसी फेस-2 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह कूलर बनाने वाली दो फैक्टरियों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और फैक्टरी के अंदर रखा कच्चा माल व तैयार सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीम ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी राकेश गोयल की सुपरकूल होम एप्लायंसेज नाम से फैक्टरी संचालित है, जहां कूलर बनाने का काम होता है। इसके पास ही एसआरवी एयर कूल नाम से एक अन्य यूनिट है, जिसमें कूलर के लिए घास और अन्य सामग्री तैयार की जाती है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे दोनों इकाइयों में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जो तेजी से फैलती चली गई।

आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पिलखुवा फायर स्टेशन के साथ आसपास की कंपनियों से पानी की व्यवस्था कर लगातार आग बुझाने का प्रयास किया गया। लंबे समय तक चले रेस्क्यू के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की संभावना जताई जा रही है और पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।