Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

अनियंत्रित कार की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने दर्ज किया मामला


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और वेंटिलेटर पर इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देवलोक केशवनगर निवासी ऊषा अग्रवाल ने बताया कि उनका बेटा अंकित अग्रवाल रात करीब साढ़े नौ बजे काम से घर लौट रहा था। हाईवे पर तेज गति से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे आनंद अस्पताल में भर्ती कर दिया, जहां वेंटिलेटर की सहायता से इलाज किया जा रहा है। परिजन युवक के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और कार चालक की पहचान कर उसे जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।