हापुड़।
थाना कपूरपुर क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुए इबरत खान हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोपेड बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 28 मार्च 2026 को ब्रजनाथपुर शुगर मिल रोड स्थित नहर किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर उच्चाधिकारियों, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक की पहचान इबरत खान पुत्र किश्वर खां निवासी ग्राम उरैना, थाना वजीरगंज जनपद बदायूं के रूप में हुई थी, जो वर्तमान में हापुड़ के मजीदपुरा क्षेत्र में रहकर कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में थाना कपूरपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 39/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी तैय्यब पुत्र इब्बन खां निवासी ग्राम उरैना, हाल पता शिवगढ़ी ईदगाह रोड, हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक इबरत खान करीब ढाई साल से उसके यहां से कपड़ा लेकर फेरी करता था। करीब डेढ़ माह पहले इबरत ने उसका काम छोड़कर खुद का कारोबार शुरू कर लिया, जिससे वह नाराज था। आरोपी ने कई बार उसे अपने साथ काम करने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना।
इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने इबरत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मौका पाकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध पिस्टल .32 बोर, एक जिंदा कारतूस, टीवीएस मोपेड और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)


.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin