Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बोर्ड परीक्षा ड्यूटी के नाम पर फर्जी प्रमाणपत्र लगाने का आरोप, दो शिक्षक जांच के घेरे में


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

झड़ीना स्थित प्राथमिक विद्यालय के दो शिक्षकों पर बोर्ड परीक्षा ड्यूटी से संबंधित फर्जी कार्यमुक्ति प्रमाणपत्र जमा करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद विद्यालय प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर पूरी रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है।

बताया जा रहा है कि दोनों शिक्षकों की ड्यूटी गढ़मुक्तेश्वर के लाला बाबू बैजल इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा के दौरान लगाई गई थी। ड्यूटी पूरी होने के बाद उनसे प्रमाणपत्र मांगा गया, लेकिन काफी समय तक उन्होंने दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। उपस्थिति लॉक की प्रक्रिया से पहले जब प्रमाणपत्र जमा किए गए तो उनमें ओवरराइटिंग और गड़बड़ी नजर आई, जिससे शक गहरा गया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने इंटर कॉलेज प्रशासन से संपर्क कर वास्तविक रिकॉर्ड मंगवाया, जिसमें दोनों प्रमाणपत्रों में अंतर पाया गया। एक शिक्षक द्वारा जमा किए गए प्रमाणपत्र में ड्यूटी के दिन अधिक दर्शाए गए थे, जबकि दूसरे शिक्षक के प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर संदिग्ध पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि जिस दिन परीक्षा नहीं थी, उस दिन भी ड्यूटी दिखाई गई थी।

प्रधानाध्यापक ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर बीएसए को भेज दी है। बीएसए रीतु तोमर ने कहा कि प्रकरण गंभीर है और जांच कराई जा रही है। यदि फर्जीवाड़ा साबित हुआ तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एक शिक्षक ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि स्कूल के अंदर आपसी विवाद के कारण यह मामला खड़ा किया गया है।