Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

दिल्ली में गूंजी सफाई कर्मचारियों की आवाज, जल्द समाधान का आश्वासन


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज वाल्मीकि ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, भारत सरकार के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल से शिष्टाचार भेंट कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर बातचीत की और कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया। साथ ही शेष लंबित मुद्दों को भी जल्द निस्तारित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

भेंट के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज वाल्मीकि ने उपाध्यक्ष का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया। उन्होंने उन्हें भगवान महर्षि वाल्मीकि का चित्र भेंट कर पटका पहनाया। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

गौरतलब है कि मनोज वाल्मीकि को उत्तर प्रदेश में वाल्मीकि समाज के प्रमुख नेताओं में गिना जाता है। वह समय-समय पर समाज एवं सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास करते रहे हैं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय स्तर पर भी आयोग के पदाधिकारियों से मिलकर कर्मचारियों के हितों की पैरवी करते रहे हैं। इस मुलाकात से प्रदेश के सफाई कर्मचारियों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान संभव हो सकेगा।