Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

‘शंखनाद–2026’ में गूंजा नवाचार का स्वर, टेक्नोलॉजी और प्रतिभा का भव्य संगम

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जे०एम०एस० ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में सोमवार को वार्षिक तकनीकी उत्सव ‘शंखनाद–2026’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के संस्थापक चेयरमैन राकेश सिंघल ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया। इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ० आयुष सिंघल, महानिदेशक प्रो० (डॉ०) सुभाष गौतम, जे०एम०एस०आई०टी० गाजियाबाद के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ० ए०के० चौहान, जे०एम०एस० वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ० निधि मलिक सहित अन्य गणमान्य अतिथि, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सेमिनार हॉल में प्रातः 10:30 बजे हुई, जहां कार्यक्रम संचालिका डॉ० प्रीति शर्मा ने टेक फेस्ट का परिचय प्रस्तुत किया। इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ आयोजन को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की गई। महानिदेशक प्रो० (डॉ०) सुभाष गौतम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को नवाचार और तकनीकी दक्षता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के संस्थापक चेयरमैन राकेश सिंघल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने ‘शंखनाद–2026’ के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद अतिथि, प्रबंधन एवं छात्र-छात्राएं सी ब्लॉक ग्राउंड पहुंचे, जहां विभिन्न क्लबों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स, मॉडल्स और प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।

मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ० आयुष सिंघल ने बताया कि इस टेक फेस्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है, ताकि वे समग्र विकास की ओर अग्रसर हो सकें। उन्होंने कहा कि यह मंच छात्रों को अपनी रचनात्मकता और नवाचार को प्रदर्शित करने का अवसर देता है। 

महानिदेशक प्रो० (डॉ०) सुभाष गौतम ने जानकारी दी कि संस्थान के विभिन्न क्लबों—ट्रेडिशनल, साइंस, मैनेजमेंट, टेक्निकल, मेडिकल और प्रोफेशनल क्लब—के अंतर्गत छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रोजेक्ट प्रेजेंटेशन और प्रदर्शनियों में भाग लिया। इस दौरान अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मॉडल्स ने सभी को आकर्षित किया और छात्रों की तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के बाद टेक्निकल क्लब को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। संस्थान के चेयरमैन राकेश सिंघल और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ० आयुष सिंघल ने विजेता प्रतिभागियों को लाखों रुपये की धनराशि, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की सफलता में प्राचार्य, डीन, विभागाध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारियों, रजिस्ट्रार, संकाय सदस्यों और आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

अंत में मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ० आयुष सिंघल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे संस्थान की एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। ‘शंखनाद–2026’ ने न केवल विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच दिया, बल्कि संस्थान की शैक्षणिक और सांस्कृतिक उत्कृष्टता को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।