Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मिशन शक्ति अभियान: स्कूलों में साइबर सुरक्षा का पाठ, छात्र-छात्राओं को ठगी से बचाव के दिए टिप्स


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीम द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में थाना हाफिजपुर क्षेत्र के कंपोजिट स्कूल कुराना में उपनिरीक्षक पीयूषी एवं एलसी अनुराधा ने छात्रों और अध्यापकों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को .apk फाइल फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने या किसी के साथ ओटीपी साझा करने से गंभीर आर्थिक नुकसान हो सकता है। साथ ही छात्रों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल www.cybercrime.gov.in की जानकारी देते हुए किसी भी धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।


उधर, थाना हापुड़ नगर क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में भी मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पुलिस टीम ने छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें आत्मरक्षा, कानून संबंधी अधिकारों और आपातकालीन स्थितियों में सहायता प्राप्त करने के उपायों के बारे में बताया। 


बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090, 181, 1076, 112, 1098, 102, 108 और 1930 की उपयोगिता समझाई गई और उन्हें पंपलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं भी दूर कीं। पुलिस अधिकारियों ने सभी से अपील की कि सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें।