Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जान जोखिम में डालकर थाना प्रभारी ने बचाईं जिंदगियां, 20 झुग्गियों में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना देहात क्षेत्र के फुलगढ़ी में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक झुग्गियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक करीब 20 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग पहले एक झुग्गी में लगी, लेकिन तेज हवा के चलते कुछ ही देर में उसने आसपास की झुग्गियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और उठता धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही थाना देहात प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू करा दिया। सबसे पहले उन्होंने भीड़ को नियंत्रित किया और झुग्गियों के अंदर फंसे बच्चों और लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इस दौरान कई लोगों की जान बाल-बाल बच गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नीरज कुमार ने दमकल विभाग के पहुंचने का इंतजार नहीं किया, बल्कि खुद ही मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने हाथ में पानी का पाइप लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। उनके साथ स्थानीय लोगों ने भी साहस दिखाते हुए आग पर काबू पाने में मदद की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया।

कुछ देर बाद दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं, जिनकी मदद से सुलग रही आग को पूरी तरह बुझाया गया। हालांकि, तब तक आग करीब 20 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। गनीमत रही कि समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि “जैसे ही हमें सूचना मिली कि फुलगढ़ी क्षेत्र में झुग्गियों में आग लग गई है, हम तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां स्थिति काफी भयावह थी, आग तेजी से फैल रही थी और आसपास अफरातफरी का माहौल था। हमारी प्राथमिकता सबसे पहले लोगों की जान बचाना थी। हमने तुरंत भीड़ को हटवाया और झुग्गियों के अंदर मौजूद बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला।


दमकल विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए इंतजार करना उचित नहीं था। ऐसे में हमने मौके पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। मैंने खुद पानी का पाइप लेकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, जिसमें स्थानीय लोगों का भी पूरा सहयोग मिला। हमारी टीम और स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण आग को फैलने से काफी हद तक रोक लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। बाद में दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और पूरी तरह आग बुझा दी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।