Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के बच्ची को जन्म देने के मामले में पुलिस जांच को आगे बढ़ाते हुए अब आरोपियों का डीएनए परीक्षण कराने की तैयारी कर रही है। जांच को वैज्ञानिक आधार पर मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

करीब दो माह पहले 16 वर्षीय किशोरी ने सिंभावली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बच्ची को जन्म दिया था। प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने परिजनों से शिकायत ली और किशोरी के जीजा व उसके एक साथी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों को पुख्ता करने के लिए आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे घटना की सच्चाई सामने आ सके।

सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि पुलिस वैज्ञानिक जांच के आधार पर कार्रवाई कर रही है और जल्द ही जांच में अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।